Rajasthan

ऑपरेशन म्यूल हंटर: ऑनलाइन ठगी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

बांसवाड़ा में साइबर पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी और संदिग्ध बैंकिंग नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। डीजी साइबर क्राइम के निर्देश पर 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाए गए विशेष ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के दौरान पुलिस ने चार आरोपितों को दबोच लिया। इस पूरे मामले का केंद्र ‘हर्ष ट्रेडिंग’ नाम का एक बैंक खाता रहा, जिसने देशव्यापी ठगी के जाल का खुलासा कर दिया है।

साइबर थाना प्रभारी हरिओम मीणा के नेतृत्व में हुई इस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने पाया कि हर्ष जोशी के नाम पर खोले गए इस खाते का उपयोग ठगी की रकम को खपाने के लिए किया जा रहा था। इस एक ही खाते के खिलाफ गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना जैसे विभिन्न राज्यों से कुल 21 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें लगभग 16 लाख 40 हजार रुपये की ठगी की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, जांच का दायरा बढ़ने पर पता चला कि यह तो सिर्फ शुरुआत थी। खाते के अन्य संदिग्ध ट्रांजेक्शन को जोड़ने पर कुल लेनदेन 82 लाख रुपये से भी ऊपर पाया गया है, जिसमें से करीब 65 लाख 70 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर अभी एफआईआर दर्ज होना बाकी है।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों में हर्ष जोशी, हिमांशु शर्मा, विकास विजयवर्गीय और अनील बाथम शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि खाता भले ही हर्ष के नाम पर था, लेकिन इसका वास्तविक संचालन गिरोह के अन्य सदस्य कर रहे थे। ठगी की रकम सबसे पहले इसी खाते में मंगवाई जाती थी और फिर उसे चालाकी से अलग-अलग माध्यमों से निकाल लिया जाता था। फिलहाल पुलिस इस अंतरराज्यीय नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस गिरोह के मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों तक पहुँचा जा सके।