महाकुंभ की सफलता से लेकर आधुनिक विकास तक, प्रयागराज नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा : योगी आदित्यनाथ
प्रयागराज, 26 मई । डिजिटल माध्यमों के विस्तार से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा प्रयागराज की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी।
यह बात मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज नगर निगम कार्यकारिणी के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यों पर आधारित ‘तीन साल बेमिसाल’ पुस्तिका का विमोचन और नगर निगम की लगभग 400 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर उपस्थित लाेगाें काे संबाेधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज आज विकास, सुशासन और सुरक्षा का नया मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि सरकार मां गंगा की अविरल धारा की तरह विकास यात्रा को निरंतर आगे बढ़ा रही है और इसी का परिणाम है कि प्रयागराज आज अपराध और अराजकता से मुक्त होकर विकास की नई पहचान बना रहा है।
नगर निगम परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महापौर गणेश केसरवानी और नगर निगम की टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि नगर निगम को सदी के सबसे भव्य और दिव्य महाकुंभ के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। प्रयागराज ने जिस उत्कृष्ट व्यवस्था और आतिथ्य का परिचय दिया, उसने पूरे विश्व में शहर की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में “वेस्ट टू वेल्थ” की अवधारणा को सफलतापूर्वक लागू किया गया है, जिसका उत्कृष्ट उदाहरण शिवालिक पार्क है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में यह मॉडल अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है। उन्होंने धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री की प्रेरणा से अक्षयवट को आम श्रद्धालुओं के लिए खोला गया, जिससे लाखों लोगों को दर्शन का अवसर मिला। सरस्वती कूप के दर्शन की व्यवस्था भी श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले प्रयागराज में भय और अराजकता का माहौल था, जिससे विकास कार्य प्रभावित होते थे लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। प्रयागराज अपराध, माफियागिरी और गुंडागर्दी से मुक्त होकर सुरक्षित शहर के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि बेटियां, व्यापारी और आम नागरिक बिना किसी भय के अपने कार्य कर रहे हैं और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के तीनों लक्ष्यों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक विकास और खुशहाली पहुंचाना है। उन्होंने प्रयागराज के तेजी से विकसित हो रहे आधारभूत ढांचे का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे बनने से दिल्ली और प्रयागराज के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी। वहीं शहर उत्तरी क्षेत्र में लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से गंगा नदी पर नए पुल को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रधानमंत्री द्वारा छह लेन के महत्वपूर्ण पुल का लोकार्पण भी किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम के सफाई कर्मियों को किट वितरित की तथा नगर निगम द्वारा तैयार की गई विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन किया।
उन्होंने 100 डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण ई-वाहनों और डिजास्टर रिस्पांस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने नगर निगम की उपलब्धियों पर आधारित “तीन साल बेमिसाल पुस्तिका का विमोचन किया। साथ ही लगभग 400 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रयागराज मेला प्राधिकरण की नई वेबसाइट का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री संगम तट पहुंचे, जहां उन्होंने मां गंगा की आरती में सहभागिता की तथा बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रयागराज में विकास, स्वच्छता, आधुनिक आधारभूत संरचना और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। मुख्यमंत्री ने प्रयागराज मेला प्राधिकरण की नई वेबसाइट का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रयागराज विकास और सुशासन का माडल बन रहा है।
विकास और सुशासन का मॉडल बन रहा प्रयागराज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रयागराज केवल आस्था और संस्कृति का केंद्र ही नहीं, बल्कि विकास और सुशासन का भी नया मॉडल बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने बीते तीन वर्षों में जनसुविधाओं, स्वच्छता, आधारभूत ढांचे और नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का उद्देश्य शहरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इसी सोच के साथ सड़क, नाली, पेयजल, सीवरेज, प्रकाश व्यवस्था, पार्कों के विकास और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
महाकुम्भ की सफलता ने बढ़ाया प्रयागराज का गौरव
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुम्भ के सफल आयोजन ने प्रयागराज की प्रतिष्ठा को विश्व स्तर पर नई ऊंचाई दी है। सरकार द्वारा विकसित की गई स्थायी और आधुनिक आधारभूत संरचनाएं आने वाले वर्षों में भी शहरवासियों और श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होंगी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार निवेश कर रही हैं तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
नगर निगम की उपलब्धियों को सराहा
मुख्यमंत्री याेगी ने नगर निगम की कार्यकारिणी के तीन वर्ष पूरे होने पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने नागरिक सहभागिता को भी विकास की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह , महापौर गणेश केसरवानी, एम एल सी विधायक सुरेंद्र चौधरी, भाजपा नेता पूर्व डिप्टी मेयर अनामिका चौधरी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

