Rajasthan

मंदसौर से भीलवाड़ा ले जा रहा था एक किलो एमडी ड्रग्स, राहगीर को कोतवाली पुलिस ने दबोचा

चित्तौड़गढ़, 30 जून । अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भीलवाड़ा रोड पर एक युवक को गिरफ्तार कर उसके बैग से 1 किलो 08 ग्राम अवैध एमडीएमए (मौली पाउडर) बरामद किया है। आरोपी मंदसौर से भीलवाड़ा मादक पदार्थ ले जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी बृजेश सिंह के निर्देश पर कार्रवाई की गई। 30 जून को रात 1 बजे एसआई श्यामलाल उप निरीक्षक इंचार्ज थाना मय जाब्ता गश्त पर थे। ईनाणी रेजिडेंसी के सामने भीलवाड़ा रोड पर एक युवक पीठ पर पिट्ठू बैग लटकाए नजर आया। संदिग्ध लगने पर युवक को रोककर पूछताछ की गई। पकड़े गए युवक ने अपना नाम पियूष पुत्र ओमप्रकाश सोलंकी जाति बावरी, निवासी हाड़जी का पिपलिया थाना रठांजना जिला प्रतापगढ़ बताया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग चार प्लास्टिक की थैलियों में 1 किलो 08 ग्राम अवैध एमडीएमए (मौली पाउडर) मिली। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पियूष सोलंकी ने बताया कि वह उक्त मादक पदार्थ मंदसौर से भीलवाड़ा ले जा रहा था। पुलिस ने एमडीएमए को नियमानुसार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपी से अवैध एमडीएमए की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के बारे में पूछताछ व अनुसंधान जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ की खेप किसे सप्लाई की जानी थी इस कार्रवाई में एसआई श्यामलाल, एएसआई हरफूल, कांस्टेबल कन्हैयालाल, बलराम, राजेश, लालाराम, गजेन्द्रसिंह शामिल रहे।