Rajasthan

जयपुर-अजमेर हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बस पलटी, तीन की मौत, तीन गंभीर

जयपुर, 29 जून । जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक द्वारा सड़क किनारे खड़ी बस को टक्कर मारने से हुए हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब पांच बजे दूदू क्षेत्र के मोखमपुरा थाना इलाके में महला गांव के पास हुआ। बस में करीब 20 लोग सवार थे, जो चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन कर जयपुर लौट रहे थे।

मोखमपुरा थाना अधिकारी सुरेश कुमार गुर्जर ने बताया कि लौटते समय बस का एक्सेल टूट गया था। इसके बाद चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर उसकी मरम्मत का प्रयास किया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर से बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मधुराज (30) पुत्र सतीश, निवासी घाट की गुनी (जयपुर), राहुल हरिजन (29) पुत्र अनिल, निवासी चांदपोल (जयपुर) तथा बस चालक साताराम (30) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जयपुर स्थित सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।