शिमला : सेब कारोबारी से 24 लाख की ठगी, भुगतान मांगने पर जान से मारने की धमकी, केस दर्ज
शिमला, 28 जून । शिमला जिले के रोहड़ू में एक सेब कारोबारी से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित सेब कारोबारी से 24 लाख रुपये मूल्य के सेब लिए थे, लेकिन उसकी राशि अब तक नहीं लौटाई गई। भुगतान मांगने पर आरोपी ने सेब कारोबारी को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रोहडू थाने में बिहार के एक व्यापारी के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता रघुनाथ निवासी रोहड़ू ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनकी रोहड़ू फल मंडी में सेब कमीशन एजेंसी है और वर्ष 2022 से 2025 के बीच उनकी एजेंसी से खरीदे गए सेबों की एवज में 24 लाख रुपये की राशि अब तक नहीं चुकाई गई है।
पुलिस को दी शिकायत में रघुनाथ ने बताया है कि बिहार के राजा बाजार, मोतिहाजी निवासी शशांक शेखर गौतम, पुत्र सुधीर चौधरी ने उनकी एजेंसी से सेब खरीदे थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सेब खरीदने के बाद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया और कई बार मांग करने के बावजूद रकम वापस नहीं लौटाई गई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब वह अपने पैसे की मांग करते हैं तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देता है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि इससे पहले भी शिमला जिले के सेब उत्पादक इलाकों रोहड़ू, ठियोग, कोटखाई और नारकंडा में बाहरी राज्यों के व्यापारियों द्वारा हिमाचली सेब एजेंटों से माल लेकर भुगतान न करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। सेब सीजन के दौरान ऐसे आर्थिक धोखाधड़ी के मामले स्थानीय व्यापारियों के लिए बड़ी चिंता का विषय बने हुए हैं। हर साल सेब सीजन में पुलिस के समक्ष इस तरह की धोखाधड़ी के मामले सामने आते हैं।

