मप्रः भोपाल में आज राज्य स्तरीय आईसीजेएस कार्यशाला का आयोजन
भोपाल, 28 जून । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आज रविवार को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी) द्वारा आईसीजेएस (अंतर-संचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली- इंटर-आपरेटेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम) विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि उक्त कार्यशाला पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो जयदीप प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में मप्र उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव एस कलगांवकर की गौरवमयी उपस्थिती रहेगी।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य इंटर-आपरेटेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम के तहत पुलिस, अभियोजन, न्यायालय, जेल, फॉरेंसिक एवं स्वास्थ्य विभाग के मध्य डिजिटल समन्वय और डेटा इंटरऑपरेबिलिटी को सुदृढ़ बनाना तथा आईसीजेएस के कार्यान्वयन में आ रही चुनौतियों, वर्तमान प्रणाली में मौजूद कमियों और उनके समाधान हेतु रूपरेखा तैयार करना है।
इस कार्यशाला में आईसीजेएस के समस्त स्तंभों से संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण, प्रत्येक जिले से माननीय न्यायाधीश, अभियोजन, जेल, फॉरेंसिक तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधिगण सहभागिता करेंगे। आईसीजेएस के विविध पहलुओं पर गहन विमर्श हेतु स्थानीय वक्ताओ के अतिरिक्त उप निदेशक एनसीआरबी नई दिल्ली प्रसून गुप्ता, फॉरेसिंक व साइबर एक्सपर्ट मुंबई डॉ सैयद शरीक महदी रिजवी, एनआईसी भोपाल सुनील जैन को भी वक्ता के रूप में आंमत्रित किया गया है, जिनके द्वारा विषयगत तकनीकी सत्रों का संचालन किया जाएगा।

