Himachal Pradesh

कांगड़ा के जसूर में एसटीएफ ने पकड़ी 223 ग्राम हेरोइन, तीन गिरफ्तार

शिमला, 28 जून । कांगड़ा जिले के जसूर क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कार्रवाई करते हुए 223 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस मुख्यालय के एक प्रवक्ता ने ये जानकारी दी।

प्रवक्ता के अनुसार रविवार को एसटीएफ की कांगड़ा टीम जसूर क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि शास्त्री आईटीआई, जसूर की ओर चिट्टा की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शास्त्री आईटीआई के पास तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोका।

प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने तीनों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 223 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी तथा इसे किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच कर रही है।

प्रदेश पुलिस ने लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि नशे की तस्करी या नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।