Rajasthan

जेडीए मौका देखे, अवैध निर्माण मिलने पर हटाने की करे कार्रवाई

जयपुर, 06 जून । जयपुर विकास प्राधिकरण अपीलीय अधिकरण ने जेडीए प्रशासन को कहा है कि वह विद्याधर नगर स्थित शंकर नगर योजना का मौका देखे और अवैध निर्माण मिलने पर उसे हटाने की कार्रवाई आरंभ करे। इसके साथ ही अधिकरण ने आदेश की कॉपी जेडीए के मुख्य प्रवर्तन अधिकारी को भेजी है। अधिकरण ने यह आदेश रुकमणी देवी माहेश्वरी के रेफरेंस प्रार्थना पत्र पर दिए।

मामले से जुडे अधिवक्ता विकास सोमानी ने बताया की विद्याधर नगर की शंकर विहार योजना के भूखंड संख्या 92 पर निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान मौके पर अवैध निर्माण कर लिया गया है और सेटबैक भी नहीं छोडा गया। इसके अलावा भवन निर्माण की स्वीकृति लिए बिना बहुमंजिला निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में अवैध निर्माण को हटाकर उसमे खर्च होने वाली राशि की वसूली निर्माणकर्ता से वसूली जाए। जिस पर सुनवाई करते हुए अधिकरण ने जेडीए को मौका देकर अवैध निर्माण मिलने पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।