Himachal Pradesh

हिमाचल शिक्षा बोर्ड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, लंबे समय से एक ही सीट पर जमे अधिकारी बदले

धर्मशाला, 24 जून । आगामी परीक्षा सत्र 2027 को लेकर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला अभी से पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बोर्ड की कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा, तेजी और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से मुख्यालय में एक बड़ा आंतरिक फेरबदल किया गया है। इसके तहत लंबे समय से एक ही शाखा (ब्रांच) में जमे कई अधिकारियों और कर्मचारियों के विभाग बदल दिए गए हैं और उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इस बड़े फेरबदल की जानकारी देते हुए शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि यह पूर्णतः एक प्रशासनिक निर्णय है, जिसका मुख्य लक्ष्य व्यवस्था को और अधिक गतिशील व परिणामोन्मुख बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो कर्मचारी वर्षों से एक ही सीट या शाखा में काम कर रहे थे, उन्हें दूसरे विभागों में भेजा गया है। इस कदम से न केवल कर्मचारियों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान होगा, बल्कि उन्हें काम करने के नए अवसर और चुनौतियां भी मिलेंगी। इससे बोर्ड के कामकाज में नयापन आएगा और संस्थागत क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी।

बोर्ड अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों में जोश भरते हुए टीम भावना से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने विनम्रता का परिचय देते हुए कहा कि शिक्षा बोर्ड की कोई भी उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं होती, बल्कि यह पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है। मैं स्वयं भी इस टीम का एक सदस्य हूं और हम सभी मिलकर प्रदेश के विद्यार्थियों और शिक्षा के हित में कार्य कर रहे हैं।