MP

जबलपुर: युवती ने युवक पर शादी का झांसा, जबरन धर्म परिवर्तन और बेचने का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी

जबलपुर, 28 जून । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के घमापुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवती ने एक युवक और उसके परिवार पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, जबरन धर्म परिवर्तन कराने तथा उसे बेचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने घमापुर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता के अनुसार, नवंबर 2022 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम अंकित बताया था। सोशल मीडिया पर उसने खुद को हिंदू के रूप में प्रस्तुत किया था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का वादा कर उसका विश्वास जीत लिया। बाद में युवती को पता चला कि युवक का वास्तविक नाम नेक अली खान है। आरोप है कि शादी का भरोसा देकर उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए।

युवती का आरोप है कि जून 2023 में नेक अली खान उसे मुंबई के कल्याण ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध एक मौलवी की मौजूदगी में धर्म परिवर्तन कराया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उस पर गौमांस खाने का दबाव बनाया गया और धर्म परिवर्तन के बाद उसे बंधक बनाकर रखा गया।

शिकायत में युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि नेक अली खान और उसके पिता शौकत खान ने मिलकर उसे अमरनाथ होटल में पांच लाख रुपये में बेच दिया। वहां उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। पीड़िता का कहना है कि 23 जून 2026 को वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रही और जबलपुर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

इसके बाद परिजनों और हिंदूवादी संगठनों के साथ युवती घमापुर थाने पहुंची, जहां उसने लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोप गंभीर हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।