MP

जमीन विवाद में महिला चढ़ी मोबाइल टावर पर, घंटों चली समझाइश के बाद उतरी नीचे

जबलपुर, 03 जून । मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिले में जमीन विवाद से परेशान एक महिला द्वारा मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से बुधवार को दहशत फैल गई। महिला को ऊंचे टावर पर देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार महिला अपनी मांगों को लेकर विरोध जताने के उद्देश्य से मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने के प्रयास शुरू किए। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया तथा महिला से लगातार संवाद स्थापित किया गया।

काफी देर तक चले घटनाक्रम के दौरान अधिकारियों ने महिला की शिकायत सुनी और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समझाइश के बाद महिला सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आई, जिसके बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

महिला का आरोप है कि उसके बड़े पिता के पुत्र संतोष मल्लाह और गोपाल मल्लाह ने एक स्थानीय व्यवसायी के साथ मिलकर उसकी पैतृक जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। इसी विवाद को लेकर वह लंबे समय से न्याय की मांग कर रही है और अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए उसने यह कदम उठाया।

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि संबंधित भूमि की रजिस्ट्री महिला द्वारा पूर्व में किसी अन्य व्यक्ति के नाम की जा चुकी है। महिला अब जमीन को पुनः अपने नाम कराने और उस पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं होने देने की मांग कर रही है, जबकि यह विषय कानूनी प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने बताया कि महिला अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाने के उद्देश्य से टावर पर चढ़ी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी विवाद के समाधान के लिए कानून सम्मत प्रक्रिया अपनाने की अपील की है।