सिरसा: पुलिस ने पांच नशा तस्करों को दबोचा, लाखों रुपये की हेरोइन बरामद
सिरसा, 03 जून । पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए जिला सिरसा क्षेत्र से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की 78 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि एंटी नारकोटिकस सेल सिरसा टीम ने जिले के गांव रोड़ी क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम नियमित गश्त के दौरान रोड़ी से गांव बांदर पत्ती की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक ने अचानक बाइक मोडक़र वहां से निकलने का प्रयास किया, जिससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू कर लिया और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
सीआईए कालांवाली पुलिस टीम ने गांव जगमालवाली से मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को 46 ग्राम हेरोइन दबोचा है। आरोपी की पहचान सिरसा निवासी अवतार सिंह के रूप में हुई है। सीआईए डबवाली पुलिस ने गांव शेरगढ़ क्षेत्र से काका सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। एएनसी स्टाफ डबवाली ने गांव कालुआना क्षेत्र में गश्त पड़ताल के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार रामलाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छह ग्राम हेरोइन पकड़ी है। इसके अलावा पुलिस ने गांव पक्का शहीदां क्षेत्र से जसवीर सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

