नैनीताल में 26 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, रेड अलर्ट के चलते डीएम ने जारी किया आदेश
नैनीताल, 25 सितंबर । नैनीताल जनपद में शनिवार, 26 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने मौसम विभाग की रेड अलर्ट चेतावनी के दृष्टिगत यह आदेश जारी किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के 25 सितंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को नैनीताल जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही भूस्खलन तथा नदी-नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह की आशंका भी व्यक्त की गई है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनपद के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। आदेश में कहा गया है कि विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, आदेश में एक महत्वपूर्ण अपवाद भी रखा गया है। नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान एवं विद्यालय, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे।
यही प्रावधान कुछ विद्यालयों के लिए भ्रम की स्थिति पैदा कर सकता है, विशेषकर उन संस्थानों में जहां आंशिक तौर पर आवासीय और शैक्षणिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे विद्यालयों में विद्यालय में न रहने वाले विद्यार्थियों को कठिन मौसमी परिस्थितियों में विद्यालय आना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि सितंबर माह में लगातार वर्षा के बीच नैनीताल में नंदा देवी महोत्सव के आयोजन को लेकर भी खराब मौसम की आशंका बनी हुई थी, लेकिन आठ दिवसीय महोत्सव वर्षा के कारण व्यवधान के बिना संपन्न हुआ। महोत्सव के समाप्त होते ही मौसम ने फिर करवट ली है। शुक्रवार को भी नैनीताल में हल्की बारिश हुई है।

