Uttarakhand

अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में रानीखेत इलेवन ने बरेली को 5-2 से हराया

नैनीताल, 06 जून । नैनीताल के डीएसए मैदान में लगातार 100वें वर्ष में खेली जा रही ऐतिहासिक अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता-2026 के अंतर्गत शनिवार को खेले गये पहले मुकाबले में रानीखेत इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शादे सोसायटी बरेली को 5-2 से पराजित कर जीत दर्ज की।

मध्यांतर तक बेहद रोमांचक रहे मुकाबले में दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर थीं। लेकिन मध्यांतर के बाद रानीखेत इलेवन ने तेजी दिखाते हुए बढ़त बनाई और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 5-2 से मुकाबला अपने नाम कर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की। रानीखेत की ओर से ललित ने 9वें और 56वें मिनट में दो, हर्षित ने 32वें मिनट में एक तथा दीपक ने 39वें और 45वें मिनट में दो गोल दागे। बरेली की ओर से सौरभ ने 10वें मिनट और आयुष ने 31वें मिनट में एक-एक गोल किया।

मैच मे अनुराग, मोहित, मनीष द्विवेदी व विजय फर्त्याल ने अंपायर के रूप में एवं मनोज चौहान ने उद्घोषणा में योगदान दिया, जबकि तकनीक समिति में रोहित साह, राजेश साह, दीपक साह, ललित साह, कैलाश बोरा व सजय गुप्ता रहे।