पंजाब कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं, सभी नेता मिलकर काम करेंगे : भूपेश बघेल
फतेहगढ़ साहिब, 31 जुलाई । पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने प्रदेश इकाई में गुटबाजी की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि मीडिया और कुछ लोग इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब कांग्रेस के सभी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में एकजुट होकर काम करेंगे।
फतेहगढ़ साहिब में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बघेल ने कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित पंजाब कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं और अपनी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि चन्नी की कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से हुई मुलाकात के बाद यह और स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश का पूरा नेतृत्व एकजुट रहेगा।
चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग द्वारा बरनाला तथा फरीदकोट में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाने के सवाल पर बघेल ने कहा कि दोनों वरिष्ठ नेता हैं और अपने-अपने निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालिया कथित लाठीचार्ज में घायल हुए लोगों के समर्थन के मुद्दे पर दोनों नेता एकजुट हैं।
बसी पठाना से संबंधित चन्नी के भाई डॉ. मनोहर सिंह और इंटक से जुड़े विवाद पर बघेल ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले नेताओं को पार्टी कार्यक्रमों में आमंत्रित नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंटक कांग्रेस से संबद्ध संगठन है, लेकिन उससे जुड़े सभी लोग कांग्रेस के आधिकारिक सदस्य हों, यह जरूरी नहीं है।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए बघेल ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान विद्यार्थियों पर हुआ कथित लाठीचार्ज केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में हुआ था। उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रों से गृह मंत्री के बजाय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुलाकात क्यों की। बघेल ने इसे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के बीच मतभेदों से जोड़ते हुए दावा किया कि संसद में कई विधेयक अब अन्य मंत्री पेश कर रहे हैं।
बघेल ने यह भी कहा कि वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव समय से पहले होने की अटकलों में कुछ आधार है। उन्होंने एक जनवरी से शुरू होने वाली राष्ट्रीय जनगणना और 14 जनवरी से शुरू होने वाले कुंभ मेले का हवाला देते हुए कहा कि इन परिस्थितियों के कारण चुनाव पहले कराए जा सकते हैं।
इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के करीब 40 से 45 विधायक टिकट कटने की आशंका से चिंतित हैं और वे एक बैठक भी कर चुके हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस मामले पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं की जा रही है।

