बीएमसी विवाद: महिला डॉक्टरों से अभद्रता के मामले में भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव ने किया आत्मसमर्पण
सागर, 4 जुलाई । मध्य प्रदेश के सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में महिला डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से कथित अभद्रता एवं धमकी देने के मामले में नामजद भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े अनिल श्रीवास्तव उर्फ ‘पीपरा’ ने शनिवार को गोपालगंज थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मामले के दूसरे आरोपित की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, बीएमसी में देर रात हुए विवाद के दौरान अनिल श्रीवास्तव और उनके साथियों पर ड्यूटी पर मौजूद महिला डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रारंभिक स्तर पर प्रकरण दर्ज नहीं होने से चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ में नाराजगी फैल गई थी। सुरक्षा की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया तथा सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया। स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने के बाद पुलिस ने मामले में अनिल श्रीवास्तव और लक्ष्मी तिवारी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की।
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच शनिवार को अनिल श्रीवास्तव गोपालगंज थाने पहुंचे और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। उनके थाने पहुंचने की सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
दूसरी ओर, अनिल श्रीवास्तव ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि वे किसी प्रकार की अभद्रता या विवाद में शामिल नहीं थे और घायल व्यक्ति की सहायता के उद्देश्य से अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को राजनीति से प्रेरित बताया है।
फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है तथा प्रकरण के दूसरे नामजद आरोपित लक्ष्मी तिवारी की तलाश जारी है। मामले की विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

