अनूपपुर: स्कूल और कोल खदान के पास धंसी जमीन, दहशत में बच्चों और ग्रामीणों
अनूपपुर, 13 जुलाई । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के दक्षिण पूर्व कोलफील्ड लिमिटेड (एसईसीएल) कोतमा जमुना क्षेत्र की बरतराई खदान से सटे ग्राम मलगा में पीएमश्री स्कूल के पास अचानक जमीन धंस गई। विद्यालय में 800 से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं, जिससे इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में डर और चिंता का माहौल है।
जमीन धंसने की खबर मिलते ही बरतराई खदान के प्रबंधक अनिल कुमार यादव और माइनिंग सरदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने धंसे हुए हिस्से का मुआयना किया और इसे खदान का ‘डेवलपमेंट एरिया’ बताया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस गड्ढे को जल्द ही भर दिया जाएगा। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से यहां फेंसिंग की जाएगी और चेतावनी बोर्ड भी लगाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में फिलहाल कोई ‘गोफ’ नहीं बनी है।
खदान प्रबंधन के आश्वासनों के बाद भी स्कूली बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों के मन से डर कम नहीं हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन अचानक धंसी है और इसके आसपास के बड़े हिस्से में खतरनाक दरारें साफ दिखाई दे रही हैं। लोगों को डर है कि अगर समय रहते पुख्ता सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए या जमीन का सही से परीक्षण नहीं हुआ, तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद भी हल्का पटवारी मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है। लोगों ने राजस्व विभाग और खनन से जुड़े आला अधिकारियों से तुरंत मौके पर आकर हकीकत देखने की मांग की है।
ग्रामीणों ने सुरक्षा को देखते हुए मांग की है कि अगर खदान के काम की वजह से जमीन धंस रही है, तो इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। जिला प्रशासन से अपील की गई है कि स्कूल परिसर और आसपास के पूरे इलाके का भू-वैज्ञानिक सर्वे कराया जाए, ताकि बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा पक्की हो सके।

