दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए पौधरोपण पहल का शुभारंभ
नई दिल्ली, 07 जुलाई । पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों में जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से दिल्ली नगर निगम शिक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को अनूठी पहल की शुरुआत की गई। इस अभियान के अंतर्गत निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक-एक पौधा तथा उसके रखरखाव एवं विकास का रिकॉर्ड रखने के लिए विशेष वर्कशीट प्रदान की गई।
इस अभियान का शुभारंभ नगर निगम शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा एडवोकेट द्वारा अशोक विहार फेज-1 स्थित सी-ब्लॉक एवं ई-ब्लॉक निगम विद्यालयों में किया गया। उद्यान विभाग की ओर से चौथी एवं पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए गए तथा उन्हें घर ले जाकर नियमित रूप से पौधों की देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों को दी गई वर्कशीट में पौधे की प्रारंभिक ऊंचाई, पत्तों की संख्या, साप्ताहिक वृद्धि, देखभाल एवं विकास संबंधी विवरण दर्ज करने का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक सप्ताह विद्यार्थी अपनी प्रगति रिपोर्ट तैयार करेंगे, जिसकी समीक्षा उनके कक्षा अध्यापक द्वारा की जाएगी। वर्कशीट की प्रतिलिपि भी संलग्न की गई है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए योगेश वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान तथा केंद्रीय गृह गृहमंत्री अमित शाह एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने के संकल्प को आगे बढ़ाने में नगर निगम के विद्यालयों के विद्यार्थी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा स्वयं पौधों की देखभाल करने से उनमें प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति आत्मीयता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी। जब ये पौधे बड़े हो जाएंगे, तब उन्हें बड़े गमलों अथवा आसपास के उपयुक्त स्थानों पर रोपित किया जाएगा तथा बच्चे उनके संरक्षण एवं लालन-पालन की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
योगेश वर्मा ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करना है तो बच्चों को इस अभियान का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी शिक्षकों से भी इस अभियान को गंभीरता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की अपील की तथा विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में दिल्ली नगर निगम का शिक्षा विभाग पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान योगेश वर्मा ने शाइन फाउंडेशन द्वारा निर्मित एक नवीन पुस्तकालय का उद्घाटन भी किया। साथ ही पी-3 फाउंडेशन के सहयोग से सी-ब्लॉक एवं ई-ब्लॉक अशोक विहार विद्यालयों में विकसित बाल वाटिका का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर केशव पुरम ज़ोन की डिप्टी डायरेक्टर नीलम कुमारी, अन्य अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

