विदिशाः दिल्ली की ओडीओपी टीम ने जिले की कृषि उपकरण निर्माण इकाइयों का किया निरीक्षण
विदिशा, 14 जुलाई । भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) तथा इन्वेस्ट इंडिया की ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) टीम ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के विदिशा जिले की कृषि उपकरण निर्माण से जुड़ी ओडीओपी इकाइयों का भ्रमण कर उनकी उत्पादन क्षमता, तकनीकी संसाधनों एवं विकास की संभावनाओं का अवलोकन किया।
दिल्ली से आई टीम में सृष्टि गुप्ता एवं अमन जैन शामिल थे। टीम ने जिले की प्रमुख कृषि उपकरण निर्माण इकाइयों मेसर्स अशोक मेटल वर्क्स, मेसर्स संजय उद्योग तथा मेसर्स ऊषा एग्रो का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान इकाइयों में संचालित निर्माण प्रक्रियाओं, उत्पादों की गुणवत्ता, विपणन व्यवस्था तथा विस्तार की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र (डीआईसी), विदिशा तथा एमपीआईडीसी के कंसल्टेंट भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने टीम को जिले में ओडीओपी के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों, उद्योगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा स्थानीय उद्यमियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन की जानकारी दी।
भ्रमण के उपरांत ओडीओपी टीम ने कलेक्टर अंशुल गुप्ता से सौजन्य भेंट की। बैठक में जिले की ओडीओपी इकाइयों को और अधिक सशक्त बनाने, आधुनिक तकनीक, विपणन, ब्रांडिंग, वित्तीय सहायता तथा अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने कहा कि विदिशा की कृषि उपकरण निर्माण इकाइयों में बेहतर संभावनाएं हैं। इनके विकास के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है, ताकि स्थानीय उद्योगों को नई पहचान मिले और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो सके।

