भूस्खलन के बाद खुला मसूरी-देहरादून मार्ग, एकतरफा यातायात से दिनभर लगा जाम
मसूरी, 21 जुलाई । मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले मोड़ के पास हुए भूस्खलन के बाद बंद सड़क को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने छोटे वाहनों के लिए मंगलवार को खोल दिया। हालांकि, मार्ग पर एकतरफा आवाजाही और लगातार मलबा गिरने की आशंका के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मंगलवार सुबह मसूरी-देहरादून मार्ग पर छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल कराई। मुख्य मार्ग बंद होने के दौरान बड़ी संख्या में वाहन वैकल्पिक किमाड़ी मार्ग की ओर भेजे गए, लेकिन वहां भी मलबा आने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। बाद में मार्ग को साफ कर आवाजाही बहाल कर दी गई।
इस बीच जेपी बैंड क्षेत्र में रविवार देर रात पहाड़ी से आया मलबा पीडब्ल्यूडी आवासों में घुस गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। एक परिवार के सात सदस्य, जिनमें पांच बच्चे शामिल थे, समय रहते घर से बाहर निकलकर सुरक्षित बच गए। मलबा घुसने से आवासों और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में निर्माण कार्यों से निकला मलबा ढलानों और प्राकृतिक जल निकासी मार्गों में डाले जाने के कारण बारिश के दौरान यह स्थिति उत्पन्न हुई। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी और क्षेत्रीय सभासद शिवानी भारती ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया तथा निर्माण कार्यों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय नागरिकों ने पानी वाले मोड़ पर अभी भी भूस्खलन का खतरा बने रहने की बात कहते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी और प्रभावी यातायात प्रबंधन की मांग की है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।
———

