प्रतिनिधि सभा की नई नियमावली के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची नेपाली कांग्रेस
काठमांडू, 11 जुलाई । नेपाल के प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस ने संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा की नई नियमावली के कुछ प्रावधानों को रद्द करने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इस याचिका पर १५ जुलाई को सुनवाई की तारीख तय की गयी है।
नेपाली कांग्रेस ने नियमावली को संविधान के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय सभा के अधिकार क्षेत्र में भी हस्तक्षेप है। नियमावली के नियम 140(11) और 259 संविधान के अनुच्छेद 274(8) से असंगत हैं। इसलिए इन प्रावधानों को निरस्त किया जाना चाहिए।
यह याचिका राष्ट्रीय सभा में कांग्रेस संसदीय दल की नेता कमला देवी पंत, प्रमुख सचेतक पदम बहादुर परियार, प्रतिनिधि सभा में संसदीय दल के उपनेता अभिषेक प्रताप शाह तथा प्रमुख सचेतक बासना थापा ने संयुक्त रूप से दायर की है।
उल्लेखनीय है कि नेपाली कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के विरोध और नारेबाजी के बीच ३१ मई को बहुमत के आधार पर प्रतिनिधि सभा नियमावली पारित की गई थी। उस समय भी नेपाली कांग्रेस ने इस नियमावली पर कड़ी आपत्ति जताई थी।
याचिका के मसौदाकार अधिवक्ता राजु कटुवाल के अनुसार इस याचिका में प्रतिनिधि सभा, संसद सचिवालय, स्पीकर डोल प्रसाद अर्याल, मसौदा समिति के संयोजक गणेश पराजुली तथा कानून, न्याय एवं संसदीय मामलों के मंत्रालय सहित अन्य पक्षों को प्रतिवादी बनाया गया है।
———-

