झमाझम बारिश से झूमा राजस्थान, पांच स्थानों पर तीन इंच से ज्यादा बारिश
जयपुर, 21 जुलाई । मानसून के एक्टिव होने के बाद बारिश से राजस्थान झूम उठा। प्रदेश में 5 स्थानों पर तीन इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। बांरा में पांच और कोटा में चार इंच से ज्यादा बारिश हुई। मंगलवार को प्रदेश के 20 शहरों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। बारिश का दौर आगामी 5 दिन जारी रहने की संभावना है। बारिश से प्रदेश के शहरों के तापमान में 8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जयपुर, अजमेर, अलवर, पिलानी, सीकर, कोटा, डबोक, बीकानेर, चूरू, फतेहपुर, करौली, दौसा, प्रतापगढ़, झुंझुनूं, चित्तौडग़ढ़, बारां, बूंदी, झालावाड़ और टोंक सहित कुछ अन्य शहरों में बारिश हुई। तेज बारिश से कोटा, बारां, दौसा, झालावाड़ और टोंक में दुकानों में पानी घुस गया और सड़कें दरिया बनी नजर आई। सबसे ज्यादा बारिश बारां में 130 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा कोटा में 101, दौसा के रामगढ़ पचवारा में 91, झालावाड़ के खानपुर में 80, टोंक के अलीगढ़ में 80 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
पश्चिम राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश की बेरुखी देखने को मिली। 39.6 डिग्री के साथ जैसलमेर का दिन और 31.1 डिग्री के साथ बीकानेर की रात सबसे गर्म रही। झालावाड़ जिले में तेज बारिश के कारण परवन नदी उफान पर है। यहां एक छोटा पुल और मंदिर डूब गया। बारां में मूसलाधार बारिश के कारण दुकानों में पानी घुस गया। सीकर में ट्रैक पर पानी भरने से ट्रेनों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है। चूरू में 5 घंटे तक रुक-रुककर बरसात हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में पूर्वी राजस्थान में मानसून सक्रिय है। मंगलवार को उत्तर-पूर्वी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है तथा मानसून ट्रफ लाइन भी अपने सामान्य स्थिति से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मानसून सक्रिय रहने की प्रबल संभावना है। इस दौरान पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई। 21 जुलाई को भरतपुर, जयपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 22 से 26 जुलाई के दौरान कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर व बीकानेर संभाग के ज्यादातर भागों में बारिश की गतिविधियां दर्ज होने व कहीं-कहीं भारी व एक दो स्थानों पर अतिभारी बारिश होने की संभावना है। सोमवार को पूर्वी राजस्थान के धौलपुर, जयपुर, सीकर, झुंझुनू, बांरा जिलों में कहीं-कहीं भारी व अतिभारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश सीकर ग्रामीण में 119 मिमी दर्ज की गई।
जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई। बादल छाए रहने और बारिश से जयपुर के पारे में 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। इससे आमजन को गर्मी से राहत मिली। जयपुर में सोमवार रात और मंगलवार को कुल करीब 16 मिमी बारिश दर्ज की गई। जयपुर के अधिकतम तापमान में 3.8 और न्यूनतम तापमान में 4.2 डिग्री की गिरावट देखी गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के तूंगा में 44 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

