राम मंदिर चंदा मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच : पवन बंसल
शिमला, 11 जुलाई । अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला तेज कर दिया है। शिमला में शनिवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने भगवान राम के नाम पर राजनीति की और लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया।
उन्होंने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग की।
पवन बंसल ने राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंदिर के चढ़ावे को सूचना के अधिकार (आरटीआई) के दायरे से बाहर रखा गया है, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं।
उनका कहना था कि भगवान राम पूरे देश के हैं, किसी एक राजनीतिक दल के नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की और भगवान राम के नाम पर लोगों की भावनाओं का इस्तेमाल किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस पूरे मामले पर देश के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि चंदा चोरी के आरोपों पर अब तक प्रधानमंत्री की ओर से कोई बयान क्यों नहीं आया।
बंसल ने यह भी आरोप लगाया कि प्राण प्रतिष्ठा और ध्वजारोहण समारोह पर हुए खर्च में भी गड़बड़ी की आशंका है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पवन बंसल ने राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट में राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों को जगह दी जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग दोहराते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आ सकेगी।

