मां बालकुंवारी शिव मंदिर में दो दिवसीय मेले का शुभारंभ
हरिद्वार, 28 जुलाई । हरिद्वार लक्सर रोड पर अजीतपुर स्थित गंगा घाट पर अवस्थित सिद्धपीठ मां बालकुंवारी शिव मंदिर में आयोजित दो दिवसीय मेले का शुभारंभ मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने पूजा-अर्चना और हवन के साथ किया।
इस अवसर पर स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आयोजित मेले केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि ये लोगों को हमारी पौराणिक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और मंदिरों के ऐतिहासिक महत्व से भी परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर परिसर के निकट गंगा घाट का निर्माण कराकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया है।
स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों को राज्य योजना, जिला पंचायत और ग्राम पंचायत के सहयोग से और सुदृढ़ किया जाएगा। मुख्य द्वार व अन्य सुविधाओं के विकास के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
मंदिर समिति के संरक्षक ज्ञानेश अग्रवाल ने बताया कि मां बालकुंवारी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। गंगा घाट बनने के बाद स्नान के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष मायाराम कश्यप, मंत्री नरेंद्र कश्यप, ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

