दून–कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस को मुंबई तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर रेल मंत्री का आश्वासन
देहरादून, 28 जुलाई । उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देहरादून–कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस को मुंबई तक विस्तारित करने सहित अन्य रेल सेवाओं के विस्तार प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि उत्तराखंड सरकार की ओर से भेजे गए विभिन्न प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावों के विस्तृत परीक्षण के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन और तीर्थाटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इसके अलावा राज्य के कई लोग मुंबई और पश्चिम भारत के अन्य क्षेत्रों में निवास करते हैं। ऐसे में रेल सेवाओं का विस्तार यात्रियों, तीर्थयात्रियों और प्रदेशवासियों के लिए काफी लाभकारी होगा।
मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि राज्य सरकार के प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से उत्तराखंड के पर्यटन, व्यापार और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

