UP

प्रेमजाल में फंसाकर नाबालिग किशोरी से शोषण और ब्लैकमेल का आरोपित गिरफ्तार

कानपुर, 12 अगस्त । घाटमपुर क्षेत्र अंतर्गत नाबालिग किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ कथित तौर पर यौन शोषण करने और ब्लैकमेल कर रुपये व जेवरात लेने के आरोपित को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब घर से नकदी और जेवरात गायब होने की जानकारी परिवार को हुई। पिता ने बेटी से पूछताछ की तो किशोरी ने पूरी घटना परिजनों को बताई। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की।

पीड़ित के पिता के अनुसार, उनकी बेटी की मोबाइल फोन के माध्यम से कानपुर देहात के अकबरपुर क्षेत्र के सिंहसीयापुर गांव निवासी राजाबाबू उर्फ सुमित से बातचीत होती थी। आरोप है कि युवक ने किशोरी को अपने प्रभाव में लेने के बाद उसका शोषण किया और लगातार धमकाता रहा।

शिकायत के मुताबिक, आरोपित ने किशोरी को जान से मारने और बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। डर के कारण किशोरी ने घर से करीब एक लाख बीस हजार रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के जेवरात आरोपित को दे दिए। बाद में परिवार को नकदी और जेवरात गायब होने की जानकारी हुई तो पूछताछ में पूरी घटना सामने आई। उनका यह भी आरोप है कि जब उन्होंने आरोपित से रुपये और जेवरात वापस करने के लिए कहा तो उसने धमकी देना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने घाटमपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया। बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।