सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
बिजनौर, 21 अगस्त । जनपद बिजनौर के नहटौर-कोतवाली देहात मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 26 वर्षीय युवक कुलदीप कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम करीमपुर निवासी सोनीराम सिंह के पुत्र कुलदीप कुमार हरिद्वार में नौकरी करते थे। वह अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। नहटौर-कोतवाली देहात मार्ग पर ग्राम फुलमंदा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुलदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नहटौर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कुलदीप की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें पहले जिला अस्पताल रेफर किया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर जौली ग्रांट अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। हल्का दरोगा संयम यादव ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

