राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए बसपा विधायक उमाशंकर सिंह
बलिया, 07 अगस्त । बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार निर्वाचित बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शिवरामपुर गंगा घाट पर उनके पुत्र युकेश सिंह ने मुखग्नि दी।
उमाशंकर सिंह के अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। उनकी अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में आमजन, जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। जाति, धर्म, वर्ग और राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर लोगों ने अपने लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
अंतिम यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। “उमाशंकर सिंह अमर रहें” के नारों के बीच वातावरण भावुक हो उठा। कई लोगों की आंखें नम थीं और समर्थकों ने उन्हें गरीबों का मसीहा तथा जनसेवा के लिए समर्पित नेता बताया।
गाैरतलब है कि उमाशंकर सिंह का बुधवार को दिल्ली में कैंसर से लंबी जंग के बाद निधन हो गया था। छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले उमाशंकर सिंह ने रसड़ा क्षेत्र में विकास कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता के कारण अलग पहचान बनाई थी। उन्हें दानवीर और जनप्रिय नेता के रूप में भी जाना जाता था।
उनके निधन से पूरे बलिया जिले में शोक की लहर है।
अंतिम संस्कार के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी और उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान प्रशासन की ओर से राजकीय सम्मान की सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं। उन्हें श्रधाञ्जली देने वालों में प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह व बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल भी शामिल थे।

