जनप्रतिनिधियों को विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन की दी जानकारी
मंडी, 14 अगस्त । मंडी जिला के विकास खंड धर्मपुर की 30 पंचायतों के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन एवं क्षमता निर्माण के लिए शुक्रवार को मिनी सचिवालय धर्मपुर में एक दिवसीय पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाकर ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से रोजगार एवं आजीविका के अवसर बढ़ाने, ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने तथा गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित की भावना के साथ करें तथा गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को समझें। सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों को मिशन के उद्देश्यों, पंचायत स्तर पर उनकी भूमिका तथा ग्रामीण परिवारों के लिए उपलब्ध रोजगार एवं आजीविका के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया।
विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि पिछले चार वर्षों में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र विकास के नए अध्याय की ओर अग्रसर हुआ है। इस अवधि में धर्मपुर में चार राज्य स्तरीय कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया जा चुका है। इनमें राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह, राज्य स्तरीय कारगिल विजय दिवस समारोह, राज्य स्तरीय अंडर-14 बालिका वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता तथा राज्य स्तरीय अंडर-14 बाल वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष धर्मपुर में राज्य स्तरीय अंडर-19 कन्या वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन करवाया जाएगा।

