जींद : हांसी ब्रांच नहर में तैरता मिला युवक का शव
जींद, 11 अगस्त । सफीदों शहर के बीच से गुजर रही हांसी ब्रांच नहर में मंगलवार को उस समय हडकंप मच गया जब राहगीरों ने एक युवक का शव तैरता हुए देखा। शव की सूचना शहर थाना सफीदों पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवा नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। शव अर्धनग्न अवस्था में था। मृतक युवक की पहचान करनाल जिले के गांव रम्भा निवासी 35 वर्षीय राकेश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि राकेश कुमार गत नौ अगस्त से लापता था। उसके लापता होने के बाद परिजनों ने संबंधित पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करवाई थी। मंगलवार को हांसी ब्रांच नहर के पास से गुजर रहे एक राहगीर की नजर नहर में तैर रहे शव पर पड़ी। जिस पर उसने तुरंत शव की सूचना सिटी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पालिका कर्मचारियों के सहयोग से शव को नहर से बाहर निकलवाया।
शव मिलने की सूचना क्षेत्र में तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में होने पर शहर थाना प्रभारी सतीश कुमार ने मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को सफीदों के नागरिक अस्पताल पहुंचाया है।

