‘हम बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का बहुत सम्मान करते हैं’: भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी
ढाका, 09 अगस्त (हि. स.)। बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने रविवार को कहा कि भारत बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान का बहुत सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई बार प्रधानमंत्री के भाषण सुने हैं और वह जनता से जुड़े हुए नेता हैं। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जनता से जुड़े नेता हैं।
त्रिवेदी ने रविवार दोपहर राजधानी के जमुना फ्यूचर पार्क स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र में बच्चों के लिए खेल क्षेत्र के उद्घाटन के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए यह बात कही।
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान और भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के बीच पहली शिष्टाचार मुलाकात आगामी 10 अगस्त को प्रस्तावित है। ढाका में भारत के उच्चायुक्त का पद संभालने के बाद प्रधानमंत्री के साथ यह त्रिवेदी की पहली मुलाकात होगी।
इस मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर त्रिवेदी ने कहा कि भारत बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का बहुत सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के नेताओं के बीच बातचीत होने पर कई समस्याओं का समाधान निकल सकता है।
भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि समस्याओं का समाधान बातचीत से ही होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर दोनों देशों के नेता आपस में चर्चा करते हैं तो कई मुद्दों का समाधान संभव होगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच गहरा जुड़ाव है और बातचीत का परिणाम सकारात्मक होगा।
इस बीच, भारतीय वीजा आवेदन केंद्र में बच्चों के लिए बनाए गए नए खेल क्षेत्र की कहानी भी लोगों का ध्यान खींच रही है। केंद्र की अपनी पहली यात्रा के दौरान एक मां ने उच्चायुक्त से अनुरोध किया था कि ऐसा सुरक्षित खेल क्षेत्र बनाया जाए, जहां माता-पिता के वीजा आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने तक बच्चे सुरक्षित रह सकें।
कुछ ही सप्ताह में इस अनुरोध को पूरा कर दिया गया। रविवार को वही मां अपने बच्चे के साथ पहुंचीं और उनके अनुरोध से बने खेल क्षेत्र का उद्घाटन किया।
भारतीय उच्चायोग के अनुसार, यह छोटी-सी पहल जनकेंद्रित सोच को दर्शाती है। ऐसी पहलों से भारत और बांग्लादेश के संबंधों को मजबूती मिलती है। दोनों देशों के बीच संबंधों की सबसे मजबूत नींव उनके लोग हैं।

