मध्य प्रदेश में आज 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, प्रदेश में कोटे की 71 प्रतिशत हो चुकी बारिश
भोपाल, 28 अगस्त । मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। शुक्रवार को जबलपुर-सागर संभाग के सात जिलों टीकमगढ़, छतरपुर, कटनी, सीधी, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान ढाई से चार इंच तक बारिश होने की संभावना है। राजधानी भोपाल में हल्की बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
28 से 30 अगस्त तक गरज-चमक के आसार
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार, 28 से 30 अगस्त के दौरान प्रदेश में गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। हालांकि, अब कुछ चुनिंदा जिलों में ही तेज बारिश होने की संभावना है। 29 अगस्त को शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट, जबकि 31 अगस्त को मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश का अलर्ट है। सिस्टम के कमजोर पड़ने के साथ प्रदेश में तेज बारिश का दौर थमने के आसार हैं।
कोटे की 71 प्रतिशत बारिश हो चुकी
आईएमडी भोपाल के अनुसार, प्रदेश में अब तक 674.6 मिमी यानी 26.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 742.3 मिमी यानी 29.2 इंच होनी चाहिए थी। इस लिहाज से प्रदेश में अब तक 2.7 इंच कम और कुल 9 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 6 प्रतिशत, जबकि पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश की कमी 19 प्रतिशत तक है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और डिंडौरी समेत जिलों में सामान्य से 1 प्रतिशत से 49 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।
पश्चिमी हिस्से में आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 4 प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक कम पानी गिरा है। जबकि प्रदेश के 18 जिलों में अब तक औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, डिंडौरी, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, राजगढ़ और शिवपुरी शामिल हैं।

