UP

बुलंदशहर : नाबालिग से दुष्कर्म व हत्या का आरोपित 50 हजार का इनामी मोनू एनकांउटर में ढेर

बुलंदशहर, 09 अगस्त । यूपी के बुलंदशहर में रविवार तड़के पुलिस एनकाउंटर में 50 हजार का इनामी बदमाश मोनू ढेर हो गया। वह नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के बाद फरार चल रहा था। एनकाउंटर के दौरान गोली लगने से स्वाट टीम के दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए गुलावठी और सिकंदराबाद थाना प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी।

मुठभेड़ आज गुलावठी थाना क्षेत्र में गांव छपरावत के पास हुई है। मारा जाने वाला मोनू गत एक अगस्त को ककोड़ इलाके में हुए नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में वांछित था। एनकाउंटर के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर मोनू का एक साथी भागने में कामयाब रहा। उसकी तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम में तैनात उपनिरीक्षक संदीप कुमार और कांस्टेबल नरेंद्र कुमार भी घायल हुए। इसके अलावा गुलावठी थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा और सिकंदराबाद थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी।

दिनेश कुमार एसएसपी बुलंदशहर ने बताया घायल बदमाश को पुलिसकर्मियों की मदद से तत्काल सीएचसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बदमाश की पहचान मोनू पुत्र राकेश, निवासी फतेहपुर जादौन, थाना चोला, बुलंदशहर के रूप में हुई है।

50 हजार इनाम रखा गया था

पुलिस के अनुसार, मोनू थाना ककोड़ क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस संबंध में थाना ककोड़ में 1 अगस्त 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन, कई जिंदा और खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें इलाके में कांबिंग कर रही हैं।