MP

सीहोरः कलेक्टर ने की कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा, सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम का किया निरीक्षण

सीहोर, 22 अगस्त । मध्य प्रदेश के सीहोर में 25 अगस्त को आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर कलेक्टर बालागुरू के. ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, बिजली व्यवस्था, मार्ग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूर्ण कर लें। उन्होंने ड्यूटी पर लगाए गए प्रत्येक अधिकारी को उनके निर्धारित प्वाइंट की जानकारी देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में ब्रीफ किया। उन्होंने कहा कि भीड़ को नियंत्रित रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्थान पर भीड़ को रुकने नहीं दिया जाए, ताकि अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो। अनाउंसमेंट सिस्टम लगातार संचालित रखा जाए और श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर दी जाएं।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति डीजे लेकर आता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे के व्यवस्थित निष्पादन के लिए नगर पालिका को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीवन नदी घाट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को नदी में उतरने की अनुमति नहीं दी जाए। घाट पर पर्याप्त सुरक्षा दल एवं बोट तैनात रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों एवं पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, वे निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें। सभी अधिकारी अपने साथ आवश्यक दवाइयां, पानी, भोजन तथा अन्य जरूरी सामग्री रखें और अपना परिचय पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखें, ताकि भीड़ के दौरान बार-बार आवागमन की आवश्यकता न पड़े।

कुबेरेश्वर धाम में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न न हो। पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन किया जाए तथा वाहनों की सुव्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं को रूट डायवर्सन एवं यातायात व्यवस्था की जानकारी देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को वॉकी-टॉकी के प्रभावी उपयोग के संबंध में भी आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में क्रेन की उपलब्धता, सफाई टीम, सड़क मरम्मत, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, प्रवेश एवं निकास द्वार, कंट्रोल रूम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर सफाई दल लगातार सक्रिय रहें तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर सड़क की मरम्मत समय रहते पूरी कर ली जाए। उन्होंने अनावश्यक रूप से वाहनों को इधर-उधर नहीं घुमाने तथा व्यवस्थाओं में लगे वाहनों का सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सीहोर के पोस्ट ऑफिस चौराह से कुबेरेश्वर धाम तक कांवड़ यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण की जाएं। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

रेलवे स्टेशन पर रहे सुरक्षा व्यवस्था

कलेक्टर ने रेलवे स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्टेशन मास्टर से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन सहित यात्रा मार्ग के किसी भी स्थान पर दुर्घटना की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए। आपातकालीन व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित दल तैयार रहें।

सीवन नदी घाट, कांवड़ यात्रा मार्ग एवं कुबेरेश्वर धाम का किया निरीक्षण

कांवड़ यात्रा की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने सीवन नदी घाट, कांवड़ यात्रा मार्ग तथा कुबेरेश्वर धाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ियों के आवागमन के मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था सहित जलाभिषेक और दर्शन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को देखा और निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिले। भीड़ को देखते हुए मार्गों पर आवश्यक बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं रूट डायवर्जन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया।

सेक्टर बनाकर अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

सीहोर में 25 अगस्त को आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर कलेक्टर बालागुरु के. के निर्देशानुसार जिला प्रशासन सीहोर द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख स्थानों पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।