UP

एक बार भाजपा को जिताने के लिए भी वोट दें मुस्लिम बंधु : डॉ. दिनेश शर्मा

लखनऊ/अम्बेडकरनगर, 13 अगस्त । राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने मुस्लिम बंधुओं से कहा कि अभी तक वे भाजपा को हराने के लिए वोट करते रहे हैं, अब एक बाद भाजपा को जिताने के लिए भी वोट करके देखें। भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद किसी प्रकार से समाज के साथ भेदभाव नहीं किया है। मोदी सरकार की योजनाओं ने उनके जीवन को भी बदला है।

अल्पसंख्यक मोर्चे द्वारा आयोजित मुस्लिम महिलाओं की तिरंगा यात्रा को रवाना करते हुए उन्होंने कहा यहां पर मौजूद हज़ारों महिलाओं एवं लड़कियों के उत्साह को देखकर साफ़ है कि सरकार की नीतियों के परिणाम उन्हें रास आ रहे है। भाजपा सरकार ने मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक की कुप्रथा से निजात दिलाई है। कानून ने महिलाओं को गरिमापूर्ण जीवन जीने की आज़ादी दी है। भाजपा सरकार का ये कार्य वोट के लिए नहीं था।

सांसद ने कहा कि मोदी सरकार मुस्लिम समाज के हाथ में पेन और लैपटॉप देकर उन्हें भी आगे बढ़ाना चाहती है ताकि वे भी अब्दुल कलाम की तरह देश का नाम ऊँचा कर सकें। इसके विपरीत विपक्षी दल उन्हें मात्र वोट बैंक ही बनाये रखना चाहते है।

तिरंगा यात्रा में मुस्लिम महिलाओं और लड़कियों व युवाओं के उत्साह और उनके द्वारा लगाए जा रहे भारत माता के जयकारों, वंदेमातरम के गगनभेदी नारों ने वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। 8000 मुस्लिम बंधुओं में 6000 के आसपास पर्दा नशीन मुस्लिम महिला शक्ति का उत्साह देखने वाला था।

डॉक्टर शर्मा ने अपने संबोधन में कहा अब्दुल कलाम को भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रपति के लिए प्रस्तावित किया। बीजेपी उन्हें दूसरी बर भी राष्ट्रपति बनाना चहती थी, लेकिन कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया। विपक्षी दलों ने केवल मुस्लिमों को तुष्टिकरण के आधार पर वोट बैंक के रूप में देखा है। जबकि बीजेपी ने उन्हें एक सम्मानित नागरिक के हैसियत से देखा है। मोदी और योगी के सरकारी योजनाओं में किसी के साथ जाती और धर्म के आधार पर कोई भेद नहीं होता। उन्होंने अपने लखनऊ में मेयर कार्यकाल की जीत में मुस्लिम मतदाताओं के भागीदारी का उल्लेख किया और कहा की 2027 के चुनाव में बहकावे में न थे। अल्पसंख्यकों के द्वारा भाजपा को जीताने के लिए खुलकर सामने आना होगा।