UP

बाराबंकी में विरासत और विकास की यात्रा निरंतर प्रगति पर : डाॅ. दिलीप अग्निहोत्री

बाराबंकी, 13 अगस्त । राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री गुरुवार काे बाराबंकी पहुंचे और कहा कि बाराबंकी में विरासत और विकास की यात्रा निरंतर प्रगति पर है। इस प्रक्रिया में जन सूचना अधिकारियों को भी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वाह करना चाहिए। उन्होंने रामनगर स्थित निरीक्षक गृह में कहा कि यहां की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान मिल रहा है, जिससे जनपद में गौरव और सांस्कृतिक चेतना की अनुभूति होती है।

उन्होंने कहा कि विकास केवल भौतिक निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सनातन संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना के उत्थान और भारतीय परंपराओं की पुनर्स्थापना से भी जुड़ा है। प्रदेश सरकार इसी विचार को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है, जिसमें बाराबंकी जनपद भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि बाराबंकी स्थित भगवान लोधेश्वर महादेव के पवित्र मंदिर के भव्य कॉरिडोर निर्माण हेतु प्रदेश सरकार द्वारा धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह क्षेत्र तीर्थाटन और सांस्कृतिक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने रामनगर स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर का भव्य कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई थी। इस परियोजना से न केवल यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा, बल्कि तीर्थाटन को भी व्यापक प्रोत्साहन मिलेगा।

राज्य सूचना आयुक्त ने यह भी बताया कि बाराबंकी को लगभग साढ़े पांच सौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) के रूप में क्षेत्र का समग्र विकास कर रही है, जिसमें लखनऊ और अयोध्या दोनों प्रमुख केंद्र हैं। इस विकास का लाभ बाराबंकी सहित पूरे क्षेत्र को प्राप्त होगा।