मलकपुर चीनी मिल ने 25 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान किया , अभी 79 करोड़ रुपये बकाया
बागपत, 13 अगस्त । बागपत जनपद के किसानों के लिए राहत देते हुए मलकपुर चीनी मिल ने 25 करोड़ का गन्ना भुगतान किया है। गन्ना मिल द्वारा गुरुवार को गन्ना मूल्य भुगतान 25 करोड़ रुपये का चेक जिलाधिकारी अस्मिता लाल को सौंपा गया। यह भुगतान 22 फरवरी 2026 तक के बकाया के सापेक्ष किया गया है।
चेक सौंपे जाने के दौरान जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने मिल प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों को समय पर उनका हक मिलना चाहिए। मलकपुर चीनी मिल पर अभी भी किसानों का करीब 79 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष राशि का भुगतान भी शीघ्र सुनिश्चित कराया जाए, ताकि किसानों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। इस मौके पर जिला गन्ना अधिकारी अशर्फीलाल, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और चीनी मिल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

