अट्टे वाले बाबा मंदिर के विकास कार्य का हुआ शुभारंभ , पर्यटन विभाग से 116.65 लाख स्वीकृत
बिजनौर, 19 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना हल्दौर में नहटौर विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध अट्टे वाले बाबा जी मंदिर के नवीन भवन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का बुधवार को विधिवत हवन-पूजन के साथ शुभारंभ किया गया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर के विकास कार्य के लिए ₹116.65 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नहटौर विधायक ओम कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अट्टे वाले बाबा जी मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और लंबे समय से इसके विकास की मांग की जा रही थी। शासन स्तर पर किए गए प्रयासों के बाद मंदिर के नवीन भवन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए बजट स्वीकृत हुआ है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। मंदिर के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, साथ ही क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है और जनता की आवश्यकताओं को शासन तक पहुंचाकर उनका समाधान कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।


