Delhi

सौरभ भारद्वाज के खिलाफ प्रवेश वर्मा के आपराधिक मानहानि मामले में सुनवाई 19 सितंबर को

नई दिल्ली, 10 सितंबर । राऊज एवेन्यू कोर्ट ने गुरुवार काे दिल्ली सरकार में मंत्री परवेश वर्मा की ओर से आम आदमी पार्टी (आआपा) दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि की सुनवाई टाल दिया है। परवेश वर्मा के सोशल मीडिया और डिजिटल साक्ष्य को संरक्षित करने की मांग पर कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया, जिसकी वजह से सुनवाई टली।

परवेश वर्मा के वकील ने कहा कि वो दिल्ली में उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए जवाब पर हस्ताक्षर नहीं हो पाए हैं। उसके बाद कोर्ट ने 19 सितंबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 19 सितंबर को करने का आदेश दिया।

इसके पहले कोर्ट ने एक सितंबर को परवेश वर्मा को आपराधिक मानहानि से संबंधित सोशल मीडिया और डिजिटल साक्ष्य के साथ कोई भी छेड़छाड़ नहीं करने का अंतरिम आदेश दिया था। इसके पहले कोर्ट ने बीते 8 अगस्त को कोर्ट ने सौरभ भारद्वाज को नोटिस जारी किया था। परवेश वर्मा ने 4 जुलाई को अपना बयान दर्ज कराया था। परवेश वर्मा ने अपने बयान में कहा था कि सौरभ भारद्वाज ने उनके और उनके परिवार की छवि को खराब करने के लिए झूठे आरोप लगाए। उन्होंने कहा था कि सौरभ भारद्वाज ने झूठा आरोप लगाया था कि परवेश वर्मा ने बतौर मंत्री अपने पद का गलत इस्तेमाल कर अपने कथित सहयोगी को लगभग 500 करोड़ रुपये के एक निजी स्कूल ट्रस्ट में ट्रस्टी नियुक्त किया।

परवेश वर्मा ने आपराधिक मानहानि याचिका में कहा है कि सौरभ भारद्वाज ने 15 और 16 मई को उन्हें बदनाम करने की नीयत से ट्वीट किया। याचिका में कहा गया है कि सौरभ भारद्वाज ने झूठा आरोप लगाया था कि परवेश वर्मा ने बतौर मंत्री अपने पद का गलत इस्तेमाल कर अपने कथित सहयोगी को लगभग पांच सौ करोड़ रुपये के एक निजी स्कूल ट्रस्ट में ट्रस्टी नियुक्त किया। याचिका में कहा गया है कि सौरभ भारद्वाज ने ये भी कहा था कि परवेश वर्मा ने स्कूल के कर्मचारियों के पक्ष में काम किया जो पॉक्सो केस में आरोपित हैं। परवेश वर्मा ने कहा है कि सौरभ भारद्वाज के ये पोस्ट समाज की नजरों में उनकी छवि को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने के लिए की।

इसी मामले में परवेश वर्मा ने सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय में दीवानी मानहानि का केस दायर किया है। उच्च न्यायालय में दाखिल दीवानी मानहानि याचिका में परवेश वर्मा ने सौरभ भारद्वाज से पांच करोड़ के हर्जाने की मांग की है।