Sports

एशियन खेल : मुक्केबाज कपिल पोखरिया सेमीफाइनल में, भारत का एक और पदक पक्का

आइची-नागोया, 28 सितंबर । भारतीय मुक्केबाज कपिल पोखरिया ने एशियन खेल-2026 में सोमवार को पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया के किम गिचाए को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ कपिल ने भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया।

कद का फायदा मिलने के कारण कपिल ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। पहले राउंड में उनके बाएं हाथ के हुक लगातार निशाने पर लगे और उन्होंने पांचों जजों का समर्थन हासिल करते हुए 5-0 से राउंड अपने नाम किया।

दूसरे राउंड में भी कपिल ने आक्रामक अंदाज जारी रखा। उन्होंने कई सटीक मुक्के लगाए और किम पर लगातार दबाव बनाए रखा। भारतीय मुक्केबाज के लगातार प्रहारों के बाद दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी को स्टैंडिंग काउंट भी दिया गया, हालांकि वह मुकाबला जारी रखने में सफल रहे। कपिल ने यह राउंड भी 5-0 से जीता, हालांकि एक जज ने किम को 8 अंक दिए।

तीसरे राउंड में किम ने आक्रामकता बढ़ाई, लेकिन कपिल ने अपने मुक्कों की सटीकता और बेहतर नियंत्रण के दम पर बढ़त बनाए रखी। उन्होंने मुकाबले के अंत तक अपना दबदबा कायम रखा।

अंततः पांचों जजों ने कपिल के पक्ष में फैसला सुनाया और उन्हें 5-0 से विजेता घोषित किया गया। इस जीत के साथ कपिल सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं और अब उनकी नजर स्वर्ण पदक के मुकाबले में जगह बनाने पर होगी।

इससे पहले भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन और प्रिया भी अपने-अपने वर्गों के सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक पक्का कर चुकी हैं। लवलीना ने महिलाओं के 75 किग्रा क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की सियोंग सुयोन को, जबकि प्रिया ने महिलाओं के 60 किग्रा क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान की मिजगोना समादोवा को हराया था।