बारां में ट्रेलर से कार की भिड़ंत, डॉक्टर दंपती और दो बच्चों की मौत
बारां, 22 सितंबर । बारां जिले में मंगलवार दोपहर कार और ट्रेलर की भिड़ंत में सरकारी चिकित्सक दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। हादसा कवाई-अटरू मार्ग पर दोपहर करीब 12.30 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान डॉ. सुरेश गजराज (38), उनकी पत्नी डॉ. शालिनी मौर्य (35), बेटे स्वप्निल (12) और बेटी नीलिशा (7) के रूप में हुई है। डॉ. सुरेश गजराज भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ उपजिला अस्पताल में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी डॉ. शालिनी मौर्य की पोस्टिंग भी मांडलगढ़ उपजिला अस्पताल में थी। परिवार मंगलवार सुबह बारां से छबड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कवाई-अटरू मार्ग पर कार की ट्रेलर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों लोगों की मौत हो गई।
कवाई थाना प्रभारी राजपाल सिंह यादव ने बताया कि मृतक परिवार मूल रूप से झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ का रहने वाला था और वर्तमान में जयपुर में रह रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अस्पताल पहुंचाया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। ट्रेलर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। हादसे को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

