‘बिग बॉस 20’ में पहला एविक्शन, रोहेद खान हुए बाहर
रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के दूसरे सप्ताह में सीजन का पहला एविक्शन हो गया है। अभिनेता और मॉडल रोहेद खान शो से बाहर होने वाले पहले प्रतियोगी बन गए हैं। ‘वीकेंड का वार’ में उनके एविक्शन की घोषणा की गई। रोहेद के साथ आसिफ खान और तन्मय सिंह भी सीधे बेघर होने के लिए नामांकित थे। तीनों को घर के नियमों का उल्लंघन करते हुए नामांकन को लेकर चर्चा करने के चलते सजा के तौर पर सीधे नॉमिनेट किया गया था।
रोहेद के एविक्शन के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। खास तौर पर शो के ‘एक्स्ट्रा जीवदान’ नियम को लेकर कई प्रशंसकों ने सवाल उठाए। दर्शकों ने पहले सप्ताह में कम वोट मिलने के बावजूद उदिति सिंह को इस नियम के तहत बचाए जाने का हवाला देते हुए पूछा कि दूसरे सप्ताह में रोहेद को इसका लाभ क्यों नहीं दिया गया। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने निर्माताओं पर नियमों को सुविधा के अनुसार इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया। हालांकि, ये प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया पर दर्शकों की व्यक्तिगत राय हैं।
गौरतलब है कि रोहेद खान ऑस्ट्रियाई अभिनेता और मॉडल हैं। अफगानिस्तान में जन्मे रोहेद ने मॉडलिंग और विज्ञापनों के जरिए अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने 2023 में कंगना रनौत अभिनीत फिल्म ‘तेजस’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह ‘बड़े मियां छोटे मियां’ में भी नजर आए। रोहेद कराटे में ब्लैक बेल्ट भी हैं।

