MP

मुरैनाः चंबल में अवैध रेत उत्खनन रोकने कलेक्टर-एसपी ने रात ढाई बजे तक एसएएफ चौकियों का किया निरीक्षण

मुरैना, 29 सितंबर । मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में चंबल नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने सोमवार- मंगलवार की दरमियानी देर रात चंबल नदी क्षेत्र से जुड़े गांवों और मार्गों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने रात 11 बजे से देर रात 2:30 बजे तक क्षेत्र में भ्रमण कर अवैध रेत परिवहन की स्थिति का जायजा लिया।

कलेक्टर और एसपी ने मुरैना जनपद के नायकपुरा, सराय का पुरा, कुल्हाड़ा, गडोरा सहित आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान चंबल नदी क्षेत्र से जुड़े प्रमुख मार्गों और एसएएफ चौकियों का भी निरीक्षण किया गया। चौकियों पर तैनात पुलिस और एसएएफ जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा नदी क्षेत्र से रेत के अवैध परिवहन को पूरी तरह रोकने के निर्देश दिए गए।

वन नाका चौकी पर कलेक्टर और एसपी ने वन विभाग तथा एसएएफ के अधिकारियों-कर्मचारियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि चंबल नदी क्षेत्र से रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली या अन्य वाहन आने की स्थिति में उन्हें तत्काल रोका जाए। वाहनों की जांच की जाए और अवैध परिवहन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चंबल नदी क्षेत्र से रेत से भरे ट्रैक्टरों की आवाजाही को पूरी तरह रोका जाए। इसके लिए एसएएफ चौकियों को और प्रभावी एवं मजबूत बनाने के साथ वहां तैनात बल को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल सर्चिंग तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि चंबल नदी से होने वाले अवैध रेत परिवहन की आवाजाही को पूरी तरह नियंत्रित किया जाना चाहिए।

कलेक्टर ने चंबल नदी क्षेत्र से जुड़े मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना पंजीयन, बिना वैध दस्तावेज अथवा अवैध रेत परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों को तत्काल रोककर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

अधिकारियों ने पुलिस बल को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। चंबल नदी क्षेत्र से जुड़े मार्गों और चौकियों पर पर्याप्त बल की तैनाती तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि रेत के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चंबल नदी में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।