Himachal Pradesh

चिट्टा मामले में बैकवर्ड लिंकेज से 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

शिमला, 13 सितंबर । जिला शिमला के रामपुर में 20.630 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले की जांच में पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाते हुए एक सह-आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार किए गए पहले आरोपी से पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर 20 वर्षीय युवक प्रिन्स ठाकुर निवासी अम्ब जिला ऊना की संलिप्तता का पता चला। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक आठ सितंबर को रामपुर पुलिस की टीम ने ल्हासा रेन शेल्टर के पास कार्रवाई के दौरान शिवम कुमार नर को पकड़ा था। उसके कब्जे से 20.630 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई थी। शिवम कुमार (28) पंजाब के लुधियाना का निवासी है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान शिवम कुमार से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसके मादक पदार्थ की खरीद और व्यवस्था से जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटाई गई।

पुलिस के अनुसार इस जांच में सामने आया कि प्रिन्स ठाकुर फोन के माध्यम से शिवम कुमार नर के नियमित संपर्क में था और मादक पदार्थ की खरीद तथा उसकी व्यवस्था में उसकी सहायता करता था। इन तथ्यों और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रिन्स ठाकुर को मामले में सह-आरोपी बनाया।

पुलिस थाना रामपुर की टीम ने 12 सितंबर को प्रिन्स ठाकुर को भी गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से ऊना का निवासी है और वर्तमान में रामपुर में रह रहा था।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि रिमांड में लेने के लिए आरोपी को अब अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।