MP

सागर में जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; कट्टा और बाइक बरामद

सागर, 13 सितंबर । मध्य प्रदेश के सागर जिले के बण्डा में हुए चर्चित जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी शिवांजय राजपूत (21) को पुलिस ने तड़के हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। ग्राम छापरी निवासी आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर सागर पुलिस अधीक्षक की ओर से 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार शिवांजय का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वह शराब तस्करी के तीन मामलों में नामजद रह चुका है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवांजय धामोनी-बहरोल मुख्य मार्ग से होते हुए कठुआ नाला के जंगल के रास्ते अपने गांव छापरी पहुंचने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलने के बाद कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर बांदरी थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

पुलिस को देखते ही आरोपी ने की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, कठुआ नाला के पास टीम को देखते ही शिवांजय ने खुद को घिरा हुआ पाया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर तीन राउंड गोलियां चलाईं।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए। इस दौरान पुलिस की गोली शिवांजय के पैर में लगी और वह मौके पर गिर गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में लिया और तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी

सागर पुलिस प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जहरीली शराब कांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।