देवरिया : नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
देवरिया, 29 सितंबर । उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में लार थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित दो आरोपितों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को बाईपास तिराहा, कस्बा लार के पास से पकड़ा है। मामले में विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में कई गंभीर धाराएं बढ़ाई गई थीं।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि लार थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 18 मार्च 2026 को अपनी नाबालिग पुत्री के घर से कहीं चले जाने की सूचना देते हुए तहरीर दी थी। इस संबंध में पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर लिया गया। उसके बयान और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 87, 61(2), 65 बीएनएस तथा धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद मामले में प्रकाश में आए आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
एएसपी ने बताया कि प्रकरण में थाना पुलिस ने आज कार्रवाई करते हुए विनोद (29) निवासी मलपुरा, आगरा और अमर (24) निवासी महेवागंज, लखीमपुर खीरी, हाल मुकाम लार, देवरिया को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई थाना प्रभारी राकेश सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कमलेश कुमार यादव, कांस्टेबल रमन गुप्ता, रोहित यादव और प्रीतम यादव की टीम ने की।

