गृहमंत्री अमित शाह ने संगीतकार गौरंग व्यास के निधन पर दुख जताया
नई दिल्ली, 03 अगस्त । केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को गुजराती संगीतकार गौरंग व्यास के निधन से गहरा दुख व्यक्त किया।
शाह ने एक्स पर लिखा, “संगीतकार गौरंग व्यास का निधन गुजराती संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। अपने लंबे संगीत सफर में व्यास ने कई फिल्मों और अनगिनत रचनाओं में अपने अमूल्य संगीत योगदान से अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। ‘दिकरी तो पारकी थापण’ जैसी उनकी अमर रचनाएं उनकी यादों को हमेशा जीवित रखेंगी। ईश्वर इस नेक आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार तथा उनके अनगिनत प्रशंसकों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!”
उल्लेखनीय है कि गुजराती फिल्म जगत के जाने-माने संगीतकार और गीतकार दिवंगत अविनाश व्यास के पुत्र गौरांग व्यास का बुधवार देररात अहमदाबाद में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही गुजराती फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई। वे लंबे समय से गुजराती संगीत की दुनिया में सक्रिय थे और 100 से अधिक गुजराती फिल्मों में संगीत दे चुके थे।

