Rajasthan

जोधपुर में लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के दो इनामी शूटर गिरफ्तार, व्यापारी से रंगदारी की फिराक में थे

जयपुर, 20 सितंबर । राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग से जुड़े दो इनामी शूटरों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर पंजाब पुलिस ने पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस के अनुसार दोनों करीब डेढ़ वर्ष से फरार थे और नेपाल चले गए थे। नेपाल से लौटने के बाद मध्यप्रदेश के रास्ते राजस्थान पहुंचे दोनों जोधपुर में एक व्यापारी को धमकाकर रंगदारी मांगने की फिराक में थे।

एडीजी एटीएस, एजीटीएफ एवं एएनटीएफ दिनेश एमएन के निर्देशन तथा जोधपुर पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया, डीआईजी योगेश यादव और एएसपी सिद्धांत शर्मा के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व डीएसपी रविंद्र प्रताप तथा पुलिस निरीक्षक सुनील जांगिड़ और राम सिंह ने किया।

एडीजी दिनेश एमएन के अनुसार एजीटीएफ को दोनों के सिरोही में होने और वहां से जोधपुर की ओर आने की सूचना मिली थी। निगरानी के बाद पुलिस ने जोधपुर के कैलाश नगर स्थित होटल सनसिटी इन के कमरा नंबर 204 में दबिश दी। दोनों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए नवीन जाखड़ और आशू चाबड़ा नाम बताए, लेकिन पूछताछ में उनकी पहचान जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा (23), निवासी हरसिंह रायनगर, फाजिल्का और राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला (23), निवासी बलुआना, थाना सदर अबोहर, फाजिल्का के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार जसकरण के बैग से 58 ग्राम और राजिंदर के बैग से 25 ग्राम, कुल 83 ग्राम अफीम का दूध बरामद हुआ। राजिंदर के कब्जे से एक अवैध रिवॉल्वर भी मिली। दोनों के पास से 88,100 रुपये नकद, कूटरचित आधार कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार राजिंदर के खिलाफ अबोहर, फाजिल्का और संगरूर में वर्ष 2023 से 2025 के बीच हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, चोरी-संपत्ति संबंधी अपराध, सामूहिक हिंसा और आर्म्स एक्ट सहित आठ मामले दर्ज हैं। जसकरण के खिलाफ फाजिल्का और अबोहर में हत्या, मारपीट, हथियार से चोट पहुंचाने, बलवा, आपराधिक धमकी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित चार मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि दोनों अबोहर के कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा और फाजिल्का में साहिल सेन की हत्या सहित कई मामलों में वांछित बताए गए हैं। पंजाब के अलावा हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस को भी उनकी तलाश थी।

पुलिस के अनुसार राजस्थान में व्यापारियों को धमकी और रंगदारी की घटनाओं के मद्देनजर एजीटीएफ ने गैंग से जुड़े शूटरों और राजस्थान से सटे पंजाब-हरियाणा क्षेत्र के बदमाशों पर निगरानी बढ़ाई थी। दोनों के जोधपुर पहुंचने की पुष्टि के बाद कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से जोधपुर आने के उद्देश्य, संभावित वारदात और गैंग के अन्य सदस्यों तथा संपर्कों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

कार्रवाई में एजीटीएफ के एएसआई राकेश की विशेष भूमिका रही। पुलिस निरीक्षक रामसिंह, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार, कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, सुमेर सिंह, राकेश, राकेश कुमार और चालक कांस्टेबल दिनेश चंद भी टीम में शामिल रहे। एयरपोर्ट थाना जोधपुर पूर्व के थानाधिकारी भरत सिंह रावत और उनकी टीम ने सहयोग किया।