छह माह के बेटे को ट्रैक के पास बिठाकर महिला ने ट्रेन के आगे छलांग लगाई, मौत
जालोर, 20 सितंबर । बागरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक घटना में 33 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला ने अपने छह माह के बेटे को रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर नीम के पेड़ की छांव में बिठाया और इसके बाद साबरमती-जोधपुर यात्री ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। घटना के बाद रोते हुए बच्चे को आस-पास मौजूद लोगों ने संभाला और महिला के शव को ट्रेन से जागनाथ रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया।
एएसआई मांगीलाल ने बताया कि भागली सिंघलान निवासी भावना (33) पत्नी डूंगाराम मेघवाल रविवार को अपने छह माह के बेटे आर्यन की तबीयत खराब होने की बात कहकर घर से निकली थी। करीब दोपहर 12:15 बजे बागरा और जागनाथ रेलवे स्टेशन के बीच उसने यह कदम उठाया। शनिवार शाम भावना का पति के साथ विवाद हुआ था और उसके साथ मारपीट की गई थी।
भावना ने फोन पर अपने भाई को इसकी जानकारी दी थी। रविवार सुबह भाई ससुराल पहुंचा और बहन को समझाने के बाद वापस लौट गया। इसके बाद भावना बेटे को दवाई दिलाने की बात कहकर घर से निकली थी।
भावना की करीब आठ वर्ष पहले आटा-साटा प्रथा से शादी हुई थी। उसके ढाई साल की एक बेटी भी है। घटना के बाद पुलिस ने शव को जालोर सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार आत्महत्या के वास्तविक कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। किसी भी पक्ष की ओर से अभी थाने में मामला दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

