MP

इंदौरः खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, रोमियो लेन के किचन सहित दो प्रतिष्ठानों में खाद्य निर्माण कराया बंद

इंदौर, 29 सितंबर । मध्य प्रदेश के इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने हाई स्ट्रीट अपोलो, एबी रोड, निपानिया स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी (रोमियो लेन) तथा खातीवाला टैंक स्थित बैराठी कॉलोनी के गोस्वामी मोमोज का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण कार्रवाई की। दोनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितताओं एवं आवश्यक वैध दस्तावेजों के अभाव में दोनों प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं प्रसंस्करण का कार्य बंद कराया गया है।

ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी (रोमियो लेन) के किचन में मिली अनियमितताएं, खाद्य निर्माण बंद कराया

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि विभाग टीम द्वारा हाई स्ट्रीट अपोलो, एबी रोड, निपानिया स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी (रोमियो लेन) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान होटल के जनरल मैनेजर श्री अमोघ शरण उपस्थित पाए गए। किचन परिसर के निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी कई अनियमितताएं सामने आईं। किचन के फ्रीजर में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए तथा खाद्य पदार्थों की उचित टैगिंग भी नहीं की गई थी।

निरीक्षण के दौरान खसखस एवं मशरूम पुराने तथा कीटग्रस्त पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। परिसर में पानी की जांच रिपोर्ट एवं खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके अतिरिक्त खाद्य पदार्थों के भंडारण में FIFO एवं FEFO व्यवस्था का पालन भी नहीं किया जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा मौके से पनीर, दही, मूंगफली दाना, खड़ा धनिया एवं ग्लास वर्मीसेली के कुल पांच नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। इन नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस अवधि समाप्त पाया गया। इस पर किचन परिसर में खाद्य पदार्थों के निर्माण संबंधी कार्य को तत्काल बंद कराया गया।

बिना वैध अनुज्ञप्ति चल रहा मोमोज निर्माण बंद, जांच के लिए नमूने लिए गए

इसी क्रम में शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा खातीवाला टैंक स्थित बैराठी कॉलोनी के गोस्वामी मोमोज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में मोमोज का निर्माण कर दुकान से विक्रय करने के साथ-साथ अन्य मोमोज विक्रेताओं को भी आपूर्ति किया जाना पाया गया। विक्रेता पंकज गिरी के पास खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए वैध अनुज्ञप्ति उपलब्ध नहीं पाई गई।

निर्माण कक्ष के बाहर एवं बैक लाइन क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी पाई गई। साथ ही खाद्य कारोबार से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। निरीक्षण के दौरान प्रसंस्करण में उपयोग किए जाने वाले पानी की जांच रिपोर्ट, परिसर का पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र तथा खाद्य कारोबारकर्ता का मेडिकल प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाया गया।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा मौके से पनीर मोमोज एवं चीज मोमोज के नमूने जांच हेतु लिए गए हैं, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों के निर्माण हेतु आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा वैध अनुज्ञप्ति प्राप्त करने तक मोमोज के निर्माण एवं प्रसंस्करण का कार्य स्थगित कराया गया है।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा बिना वैध अनुज्ञप्ति खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।